गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के पुस्तकालयों को आपस में जोड़ने के लिए विकसित ‘ग्रामीण ज्ञान सेतु’ ऐप का शुभारंभ किया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऐप का शुभारंभ किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पद्मश्री रंगनाथनजी की जयंती को आज पूरा देश राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस के रूप में मना रहा है। हमने अपने लोकसभा क्षेत्र में ‘ग्रामीण ज्ञान सेतु’ के तौर पर एक नए विचार और नए कॉन्सेप्ट की शुरुआत की है।
लगभग 63 पुस्तकालय शुरू किए गए
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इसका उद्देश्य है कि हर गांव में बच्चों को पढ़ाई-लिखाई की ओर ले जाने के लिए एक पुस्तकालय की शुरुआत हो, जो स्कूल के पास और गांव के बीच में हो। उन्होंने कहा कि लगभग 63 पुस्तकालय शुरू किए जा चुके हैं। गांधीनगर, कलोल और साणंद विधानसभा सीटों के सभी गांवों में पाँच-छह हजार पुस्तकों वाले छोटे पुस्तकालय खोलने की शुरुआत की गई है।
बच्चों में पढ़ने की रुचि जागेगी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने खुद बहुउपयोगी और बहुआयामी पुस्तकालयों के लिए ऐसी पुस्तकों की सूची तैयार की है, जो बच्चों में पढ़ने की रुचि जगाएंगे। साथ ही, किशोरों-युवाओं के करियर के लिए उपयोगी पुस्तकें, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी।
सांसद निधि से वैन का इंतजाम
अमित शाह ने आगे कहा कि उन्होंने अपनी सांसद निधि से वैन का इंतजाम कर यह सुविधा उपलब्ध कराई है। ये वैन हर पंद्रह दिन में गांवों में जाकर पहले दिए हुए पुस्तकों को वापस लाएंगी। जिसके बाद ऐप पर रजिस्टर्ड पुस्तकों को गांव के पुस्तकालयों में डिलीवर करेंगी। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को 6-7 हजार पुस्तकों वाले पुस्तकालय में जाने की आदत होगी, अब उनके लिए 2 लाख 80 हजार पुस्तकें उपलब्ध होंगी।












