प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम ने मन की बात कार्यक्रम के 136वीं कड़ी में अपने सम्बोधन की शुरुआत में कहा कि “हमारे राष्ट्र की रक्षा करने और उसे और अधिक सशक्त बनाने वाले सभी वीरों को शत-शत नमन!
‘कैच द रेन’ अभियान का जिक्र
पीएम मोदी ने ‘कैच द रेन’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि “यह अभियान एक सीधा सा संदेश है, जल का प्रभावी ढंग से संरक्षण करना। इस दिशा में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में किए सराहनीय प्रयास किए गए हैं”।
महिला क्रिकेट टीम को बधाई
पीएम ने आगे कहा, “हमारी महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में जीत दर्ज कर देश का नाम गौरवान्वित किया है। इसके लिए मैं पूरी टीम को हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूँ। कड़ी मेहनत से मिली जीत अपने आप में विशेष होती है, लेकिन जब वह किसी प्रतिष्ठित मैदान पर मिले, तो उसकी खुशी और भी बढ़ जाती है।
विक्रम-1 की सफलता का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि, “पिछला महीना विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। विक्रम-1 की सफलता ने पूरे देश की कल्पना और उत्साह को नई उड़ान दी है। साथ ही, विभिन्न ओलंपियाड में मिली सफलताएं निश्चित रूप से अधिक-से-अधिक युवाओं को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगी।”
‘खादी की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि’
खादी का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि “पिछले 12 वर्षों में खादी की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो इसके पुनर्जागरण का प्रतीक है। इसकी बढ़ती लोकप्रियता स्थानीय उद्यमों को सशक्त बना रही है। इसके साथ ही असंख्य कारीगरों के लिए नए अवसर सृजित कर रही है। आगामी त्योहारों के मौसम में सभी कम-से-कम एक खादी उत्पाद जरूर खरीदें और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और अधिक गति प्रदान करें।”
स्वदेशी हर्बल टी तैयार
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बिजनौर की उन महिलाओं का भी जिक्र किया जिन्होंने स्वदेशी हर्बल टी तैयार की है। पीएम मोदी ने कहा कि, “उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं ने एक ऐसी स्वदेशी हर्बल टी तैयार की है, जिसने कई माताओं-बहनों के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई खुशबू घोल दी है। अपने अनोखे स्वाद और गुणों की वजह से उनके ब्रांड ने बहुत कम समय में ही लोगों के बीच खास पहचान बना ली है”।












