देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने शिक्षा, खेल, नागरिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर निर्माण, परमाणु ऊर्जा और महिला नेतृत्व वाले विकास को कवर करने वाली कई पहलों और लक्ष्यों की घोषणा की।
एक करोड़ युवाओं को AI कौशल प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन पर एक करोड़ युवाओं के लिए एआई कौशल प्रशिक्षण देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को एआई कौशल में प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तीव्र विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल भारत के युवाओं को एआई की दुनिया में नेतृत्व करने की क्षमता प्रदान करने में सहायक होगी।
निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा
इसके साथ ही पीएम मोदी ने विभिन्न परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की भी घोषणा की। विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से बेहतर सुविधा मिलेगी।
राष्ट्रव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान
पीएम मोदी ने 5-15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए राष्ट्रव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान की भी घोषणा की। इस अभियान के तहत चयनित बच्चों को देश का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम खिलाड़ियों के रूप में विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
सशक्त नागरिक सुरक्षा नेटवर्क का निर्माण
प्रधानमंत्री ने युद्ध के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए देश में एक सशक्त नागरिक सुरक्षा नेटवर्क के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युद्ध अब सिर्फ सीमाओं तक ही सीमित नहीं है और रिफाइनरियों, बैंकिंग क्षेत्र, डेटा केंद्रों, कारखानों और अन्य बुनियादी ढांचों को भी प्रभावित कर सकता है।












