केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज राजस्थान के अलवर दौरे पर रहेंगे। जहां विजयनगर ग्राउंड में अलवर सरस डेयरी परिसर में अमित शाह नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर अमित शाह विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट और कैटल फीड प्लांट का ई-लोकार्पण भी करेंगे। जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
योजनाओं के लाभार्थियों को राशि हस्तांतरित
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह की ओर से नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को रिमोट के माध्यम से DBT के जरिए राशि हस्तांतरित की जाएगी। यह लाभ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को मिलेगा।
विभिन्न विकास कार्यों की सौगात
बता दें कि इस समारोह में राजस्थान के 17 जिलों में 6 हजार 262 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का ई-शिलान्यास और ई-लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही, रोजगार उत्सव के अंतर्गत 10 हजार 548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
आधुनिक डेयरी अवसंरचना को बढ़ावा
इन शिलान्यास से आधुनिक डेयरी अवसंरचना को बढ़ावा मिलेगा। इससे न सिर्फ दुग्ध उत्पादकों के लिए अच्छे अवसर सृजित होंगे इसके साथ ही सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और ज्यादा सशक्त बनाने में योगदान मिलेगा।
किसानों और दुग्ध उत्पादक होंगे सशक्त
यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र के अनुरूप सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने और किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त करने की सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।












