प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में तिरंगा लहराकर लौटे भारतीय दल का अपने दिल्ली स्थित आवास पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पदक विजेताओं के साथ बातचीत की। पीएम मोदी ने पदक विजेताओं के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। इस दौरान उनके अनुभवों को भी सुना।
मुलाकात की खास झलक की शेयर
इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने इसका वीडियो भी सेशल मीडिया पर शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधानमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स के एथलीटों के साथ हुई इस खास मुलाकात की एक झलक दिखाई। इस वीडियो में वह गोल्ड मेडल विजेता मुक्केबाज साक्षी चौधरी समेत कई अन्य चैंपियंस के साथ खुशनुमा माहौल में संवाद करते दिखे। वीडियो में साक्षी चौधरी ने पीएम मोदी की सादगी की प्रशंसा की कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर हमें बेहद खुशी हुई, वह बहुत ही विनम्र हैं”।
“जो खेलेगा, वो खिलेगा”
इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को एक मूलमंत्र भी दिया। पीएम मोदी ने देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला अपना प्रसिद्ध संदेश दोहराया। पीएम ने कहा-“जो खेलेगा, वो खिलेगा!”
खिलाड़ियों का ऐतिहासिक प्रदर्शन
बता दें कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक देश की झोली में डाले। 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।












