प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ करोड़ों गरीब परिवारों को मिल रहा है। इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताई। मंत्रालय ने कहा कि इस योजना के तहत 1.25 करोड़ से ज्यादा मकानों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 1 करोड़ से ज्यादा मकान तैयार करने के बाद लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं।
2.09 लाख मकानों को मंजूरी
मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत पिछले सप्ताह आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना,और उत्तराखंड और केंद्रशासित प्रदेशों में 2.09 लाख मकानों को मंजूरी दी गई। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
योजना की प्रगति की समीक्षा
दरअसल दिल्ली में स्थित संकल्प भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत केंद्रीय मंजूरी एवं निगरानी समिति की आठवीं बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तहत शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह ने की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिसके बाद राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से भेजे गए अतिरिक्त आवास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मंजूर मकानों की कुल संख्या 18.38 लाख
नवीनतम मंजूरियों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत मंजूर मकानों की कुल संख्या 18.38 लाख से ज्यादा हो गई है। इनमें 14.40 लाख लाभार्थी आधारित निर्माण वाले मकान शामिल है। 2.48 लाख साझेदारी में किफायती आवास वाले मकान, 1.36 लाख ब्याज सब्सिडी योजना के लाभार्थियों के लिए आवंटित मकान और 13,046 किफायती किराये के आवास के रूप में मंजूर मकान शामिल हैं।
बता दें कि इस योजना के तहत आवासीय संपत्तियां तैयार करने के अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 लाखों शहरी परिवारों के लिए सामाजिक समावेशन, बेहतर जीवन-स्तर और आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा दे रही है।












