केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जताई बड़े लाभ की उम्मीद, कहा-“नए मुक्त व्यापार समझौतों से वैश्विक बाजारों में बढ़ी उत्पादों की पहुंच”

केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बिहार के उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान की सराहना की।

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि बिहार की प्रतिभा और उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में एक नई पहचान बना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने पोस्ट शेयर कर कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नए मुक्त व्यापार समझौतों के साथ “बिहार के कृषि और कृषि-प्रसंस्कृत, वस्त्र, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग, रसायन और फार्मास्युटिकल उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के द्वार खुल रहे हैं”।

बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद
केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बिहार के उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान की सराहना की। उन्होंने कहा की राज्य के उत्पाद अब सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। जिससे राज्य के किसानों, छोटे उद्योगों और निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

9 महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले पांच सालों में भारत ने 9 महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इन समझौतों में भारत-मॉरीशस सीईसीपीए, भारत-यूएई सीईपीए, भारत-ऑस्ट्रेलिया ईसीटीए, भारत-ईएफटीए टीईपीए, भारत-ओमान सीईपीए, भारत-यूके सीईटीए और भारत-न्यूजीलैंड एफटीए शामिल हैं। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इन समझौतों का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक साझेदार देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाना है।

रोजगार, निवेश के अवसरों में बढ़ोतरी
पीयूष गोयल ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों से निर्यात के भी अवसर बढ़ रहे हैं। भारतीय उद्योगों, किसानों और उद्यमियों को निर्यात के नए अवसर मिलते हैं। साथ ही रोजगार के नए अवसर, निवेश में बढ़ोतरी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलती है। मंत्री ने बताया कि विशेष रूप से श्रम-प्रधान क्षेत्रों जैसे टेक्सटाइल, परिधान और चमड़ा उद्योग को इन समझौतों से बड़ा फायदा हो सकता है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़