भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित ,द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की हुई समीक्षा

देहरादून में भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित की गई।

देहरादून में भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित की गई। 20 और 21 अगस्त 2026 को यह बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव पौसुमी बासु ने किया। वहीं, नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद कफ्ले ने नेपाल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की। दोनों ही पक्षों ने इन क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में चर्चा के दौरान सीमा पार से होने वाले अपराधों और आपराधिक गतिविधियों से निपटने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही सीमा पर बुनियादी ढांचे, सड़कों और रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और उनके प्रभावी उपयोग, अतिक्रमण हटाने जैसे गंभीर विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

दोनों पक्षों ने अपने विचार किए व्यक्त
इस दौरान दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत समन्वय और क्षमता विकास को मजबूत करने पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही इन क्षेत्रों में निरंतर सहयोग बनाए रखने पर दोनों पक्षों ने अपनी सहमति व्यक्त की। वहीं इस बात पर भी सहमति जताई गई कि अगली बैठक परस्पर सुविधाजनक तिथि पर नेपाल में आयोजित की जाएगी।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़