पश्चिम बंगाल में राजनाथ सिंह की रक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात, 3,500 करोड़ की परियोजनाओं का भूमि पूजन

राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने विस्तार परियोजनाओं का भूमि पूजन किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे। जहां राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता स्थित जीआरएसई भवन से वर्चुअल माध्यम से गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड की तीन और यंत्र इंडिया लिमिटेड की दो विस्तार परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। बता दें कि इन परियोजनाओं में कुल मिलाकर लगभग 3,500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। जीआरएसई सुवि‍धाएं देश की जहाज निर्माण और जहाज मरम्मत क्षमताओं को मजबूत करेंगे।

‘रक्षा क्षेत्र को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनना होगा’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ये परियोजनाएं रक्षा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की ‘आत्मनिर्भरता’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ की भावना को और मजबूत करेंगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, “’रक्षा शक्ति’ उन ‘सप्तधाराओं’ में से एक है जिनका उल्‍लेख प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से स्वतंत्रता दिवस पर किया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले से स्पष्ट रूप से कहा था कि जैसे-जैसे हम एक विकसित राष्ट्र बनते जा रहे हैं, रक्षा क्षेत्र को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनना होगा। हम किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं रह सकते।”

‘परियोजनाओं से रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा’
इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं से रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही हजारों लोगों के साथ-साथ एमएसएमई और संबद्ध उद्योगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। राजनाथ सिंह ने आगे कहा, “एक तरह से, ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में एक नया अध्याय शुरू कर रही हैं।”

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़