बिहार सरकार की युवाओं को रोजगार की सौगात, बिहार टीआरई-4 के तहत शिक्षकों के भरे जाएंगे 32,388 पद

बिहार सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत 32 हजार 388 शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ कर दिया हैं।

बिहार में शिक्षक की नौकरी की चाह रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। बिहार सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत 32 हजार 388 शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ कर दिया हैं। इसे लेकर शिक्षा विभाग की ओर से बिहार लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

32,388 पदों पर होंगी नियुक्तियां
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ में लिखा कि टीआरई-4 के तहत कुल 32,388 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएंगी।  कक्षा 6 से 8 तक के लिए 8,563 पद भरे जाएंगे। वहीं कक्षा 9 से 10 तक के लिए 3,877 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएंगी। इसके अलावा कक्षा 11 से 12 तक के लिए 16,101 पद शामिल हैं।

युवाओं के लिए ‘ऐतिहासिक सौगात’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए युवाओं के लिए इसे ‘ऐतिहासिक सौगात’ बताया है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सके इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। यह फैसला भी इसी दिशा में लिया गया है। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़