बिहार सरकार लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल को सौगात दी। अस्पताल में नवनिर्मित 400 बेड क्षमता वाले ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद अस्पताल का निरीक्षण
सीएम सम्राट चौधरी ने उद्घाटन के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएम ने विभिन्न विभागों में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत भी की। मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार का सीएम ने फीडबैक लिया।
राज्य सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के लोगों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके। सीएम ने कहा कि इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। जिससे हड्डी और जोड़ संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत
सीएम सम्राट चौधरी ने इसे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नवनिर्मित अस्पताल में ऑर्थोपेडिक उपचार से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। अस्पताल में जांच, उपचार और पुनर्वास की समग्र व्यवस्था होने से मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सेवा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल बिहार के मरीजों के लिए लाभकारी होगा। साथ ही भविष्य में भी आसपास के राज्यों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।












