सीएम हेल्पलाइन-1905 की शिकायतों पर सख्त सीएम धामी, अधिकारियों की लापरवाही पर नोटिस जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है। सीएम धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए जन शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
वहीं सीएम धामी ने उन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है जिन्होंने शिकायतें मिलने पर कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। नोटिस जारी करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संतोषजनक जवाब ना मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में सीएम के निर्देश
दरअसल गुरुवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से जुड़ी लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई और एक सप्ताह के अंदर इनके समाधान के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएम धामी ने कहा कि निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी
इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर सोमवार को जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और सचिव स्तर पर समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए। जिसमें जन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा सीएम धामी ने चारधाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं मजबूत करने को कहा। भूमि विवादों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पहले महीने से ही पेंशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़