सीएम रेखा गुप्ता ने MCD के 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र, मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल भी किया लॉन्च

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम में 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम में 187 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 17 स्पेशल एजुकेटर भी शामिल हैं। दिल्ली नगर निगम में लंबित नियुक्तियों को रफ्तार देने की दिशा में यह कदम उठाया गया।

मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का शुभारंभ
सीएम रेखा गुप्ता ने इस मौके पर मेडिकल स्क्रीनिंग पोर्टल का शुभारंभ भी किया। इसके जरिए निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य निगरानी हो पाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “मजबूत मानव संसाधन के बिना प्रभावी नागरिक सेवाओं की कल्पना नहीं की जा सकती”।

निगम में पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता जरूरी
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि एमसीडी सीधे तौर पर दिल्ली के नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों और सुविधाओं से जुड़ी संस्था है। इसलिए निगम में पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता जरूरी है। सरकार निगम को आधुनिक तकनीक, पर्याप्त मानव संसाधन और आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है। सीएम ने कहा की दिल्ली नगर निगम की कार्यप्रणाली जितनी मजबूत होगी, उसका उतना ही बेहतर लाभ दिल्लीवासियों को मिलेगा।

नवनियुक्त कर्मचारियों को सीएम का संदेश
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि एमसीडी अस्पतालों में नई इमारतों, नए ब्लॉक और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को संदेश देते हुए कहा कि निगम सिर्फ नौकरी का ही माध्यम नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की सेवा करने का अवसर है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़