दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार का पूर्व अग्निवीरों को तोहफा, अग्निशमन और कारागार विभाग की सीधी भर्ती में मिलेगा 20 प्रतिशत आरक्षण

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ा कदम उठाया है।

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए बड़ा फैसला लिया है। पूर्व अग्निवीरों के लिए दिल्ली सरकार ने सरकारी नौकरी का रास्ता आसान कर दिया है। सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अग्निशमन सेवा और कारागार विभाग की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

सीधी भर्ती में मिलेगा 20 प्रतिशत आरक्षण
बता दें कि दिल्ली सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अग्निशमन सेवा और कारागार विभाग में संबंधित पदों की सीधी भर्ती के दौरान पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत पद आरक्षित रहेंगे। इस आरक्षण को अन्य आरक्षण श्रेणियों की तरह ही भर्ती प्रक्रिया में लागू किया जाएगा। दिल्ली सरकार के इस फैसले से सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा पूरी करने वाले युवाओं को दिल्ली सरकार के इन विभागों में रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।

आयु सीमा में भी मिलेगी छूट
बता दें कि अधिसूचना के तहत पूर्व अग्निवीरों के लिए इसमें आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। आरक्षित पदों पर भर्ती के लिए संबंधित भर्ती नियमों में निर्धारित अधिकतम आयु सीमा के अतिरिक्त 3 वर्ष की छूट दी जाएगी। वहीं, अग्निवीर योजना के प्रथम बैच के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल तक की अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस प्रावधान से उन पूर्व अग्निवीरों को भी सरकारी भर्ती में अवसर मिल सकेगा, जिनकी आयु सामान्य भर्ती नियमों के तहत निर्धारित सीमा के करीब पहुंच चुकी है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़