दिल्ली में ‘समरसता संकल्प अभियान और पवित्र मिट्टी कलश वितरण’ कार्यक्रम, नितिन नबीन और सीएम रेखा गुप्ता हुए शामिल

दिल्ली में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर 'समरसता संकल्प अभियान और पवित्र मिट्टी कलश वितरण' कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दिल्ली में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान और पवित्र मिट्टी कलश वितरण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिरकत की। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “संत रविदास जी ने समानता, श्रम की गरिमा, सामाजिक समरसता और हर इंसान के सम्मान पर आधारित समाज का मार्ग दिखाया। पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबों के कल्याण, सामाजिक न्याय, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को जोड़ने के संकल्पों के माध्यम से उनके इन आदर्शों को नई शक्ति प्रदान की है”।

कोने-कोने तक पहुंचेगा एकता का संदेश
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “वितरित किए गए पवित्र मिट्टी के कलश इसी वैचारिक यात्रा के प्रतीक हैं। यह केवल पवित्र मिट्टी नहीं है, बल्कि संत रविदास जी की तपस्थली से निकला समरसता और एकता का संदेश है, जो उनके विचारों की चेतना को देश के कोने-कोने तक पहुंचाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने इन आदर्शों को आत्मसात किया है और सेवा, समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान तथा सबसे वंचित वर्गों के कल्याण को राष्ट्र-निर्माण का आधार बनाया है। इसी भावना से प्रेरित होकर दिल्ली भी एक सौहार्दपूर्ण, सशक्त और विकसित भविष्य की ओर आगे बढ़ रही है”।

संत शिरोमणि रविदास का विज़न
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि, “संत शिरोमणि रविदास जी का विज़न था कि समाज को हर वर्ग के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए, समाज के सबसे निचले पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी गर्व और सद्भाव का अनुभव हो, और उन्हें भी समाज में मान-सम्मान मिले, इस भावना को पीएम नरेंद्र मोदी ने समाज में स्थापित करने का प्रयास किया है”। इस अवसर पर बीजेपीअनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा , पूर्व राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, जन-प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़