उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर को 19.30 करोड़ के प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह की बड़ी सौगात दी है। इस दिशा में सीएम धामी के दिशा-निर्देशों पर सचिव राज्य संपत्ति एवं आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभागीय व्यय वित्त समिति की बैठक की। इस बैठक के दौरान बागेश्वर में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में 1930.11 लाख के प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह निर्माण कार्य योजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों को जरूरी निर्देश
बता दें कि इस बैठक में कार्यदायी संस्था प्रान्तीय खंड, लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर की ओर से प्रस्तावित कार्ययोजना को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के बाद सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह का भवन आकर्षक स्थानीय पहाड़ी वास्तुशैली पर आधारित होना चाहिए। सचिव ने भवन के प्रवेश द्वार और मुख्य भवन पर राज्य अतिथि गृह का लोगो और साइनेज आकर्षक, स्पष्ट और प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
डोरमेट्री में 20 लोगों की क्षमता
बैठक में अतिथि गृह में प्रस्तावित डोरमेट्री कक्ष की क्षमता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने अधिकारियों को डोरमेट्री कक्ष को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। सचिव ने डोरमेट्री कक्ष को 20 व्यक्तियों के अनुरूप विकसित करने को कहा। साथ ही उपलब्ध अतिरिक्त क्षेत्रफल का बेहतर उपयोग करते हुए उसमें एक स्टोर कक्ष प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण में गुणवत्ता को प्राथमिकता
इस बैठक के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य में सरकारी परिसंपत्तियों के निर्माण में गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है। बागेश्वर में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह का भवन सिर्फ एक सरकारी आवासीय सुविधा तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र की स्थानीय पहचान और पहाड़ी वास्तुशैली को भी प्रदर्शित करे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।












