देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने पुलिस और होमगार्ड्स विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए भव्य समारोह आयोजित किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक, सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा पदक तथा सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से अलंकृत 47 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
पदक विजेताओं को दी बधाई
सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदक विजेताओं को बधाई दी। सीएम ने उनके साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। सीएम मोहन यादव ने कहा कि वर्दी पर सजे ये पदक सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और राष्ट्र एवं समाज के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान हैं।
पुलिस के सेवाभाव की सराहना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे कहा कि प्रदेश में सेवा, सुरक्षा और सुशासन की असली रीढ़ पुलिस है। नक्सलवाद के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस और हॉक फोर्स की सराहनीय भूमिका रही है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि करीब 35 साल बाद मध्यप्रदेश नक्सल मुक्त हुआ है।
साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि थानों और पुलिस के वरिष्ठ कार्यालयों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा गया है। सीएम ने साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस के अभियान की सराहना की। उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान को मिल रहे जनसमर्थन का भी उल्लेख किया।












