मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राज्य से संबंधित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। सीएम मोहन यादव ने राज्यपाल से प्रदेश में कम वर्षा की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की। वहीं राज्य में कई नई भर्तियों और विभिन्न विभागों में प्रमोशन को लेकर राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी।
UCC और विधानसभा सत्र पर चर्चा
सीएम मोहन यादव और राज्यपाल मंगू भाई पटेल के बीच समान नागरिक संहिता को लेकर भी बातचीत हुई। इसके अलावा विधानसभा सत्र के दौरान हुए कामकाज का भी जिक्र किया। सीएम ने बताया की सत्र के दौरान कई अहम कानूनों को मंजूरी दी गई है। सत्र के दौरान प्रदेश के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
मुलाकात के बाद सीएम मोहन यादव मीडिया से भी रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। सीएम मोहन यादव ने कहा- “राहुल गांधी जी झूठ बोलकर लगातार जो माहौल बनाते हैं, उससे नेता प्रतिपक्ष का कद भी घटता है और सदन की कार्यवाही भी बाधित होती है। कृपया राहुल गांधी जी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखे”। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद लोकतंत्र में बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।












