मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अहमदाबाद में देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ संवाद करेंगे। यह संवाद मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर होने वाला है। इस निवेश संवाद में गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों को मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, अनुकूल निवेश वातावरण की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
नए निवेश प्रस्तावों को मिलेगी गति
इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश में नए निवेश प्रस्तावों को गति देना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इस दौरान सीएम मोहन यादव उद्योगपतियों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योग की स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं और निवेशकों के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे सहयोग पर सीधे चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ होने वाली इन बैठकों में निवेशकों की आवश्यकताओं और उनके प्रस्तावित निवेश को प्रदेश में धरातल पर उतारने की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
मध्य प्रदेश सरकार का राज्य में निवेश को बढ़ावा देने पर पूरा जोर है। इसी दिशा में अहमदाबाद रोड शो के माध्यम से गुजरात के प्रमुख निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य में संभावित निवेश परियोजनाओं को स्थापित करने के लिए इस संवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।












