मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने AIGGPA यानि अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा आयोजित राज्य-स्तरीय सम्मेलन में शिरकत की। इस अवसर पर सीएम मोहन यादव ने ‘समृद्ध मध्य प्रदेश @ 2047’ का उद्घाटन किया और ‘एक संस्थान-एक संकल्प’ का मंत्र दिया। इस कार्यक्रम में, राज्य में काम कर रहे 59 केंद्रीय शैक्षणिक और शोध संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एक विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में योगदान देने के लिए अपनी कार्य-योजनाएँ साझा कीं।
केंद्रीय संस्थानों के बेहतरीन योगदान पर चर्चा
वहीं इस मौके पर सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, डेटा, ड्रोन टेक्नोलॉजी, होमस्टे, खेल और शारीरिक शिक्षा, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, महत्वपूर्ण तत्वों और स्मार्ट गांवों जैसे क्षेत्रों के विकास में केंद्रीय संस्थानों के बेहतरीन योगदान पर सार्थक चर्चा भी हुई। सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में, आज राज्यों के लिए एकजुट होकर काम करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में शामिल होने का समय है।
130 से अधिक संस्थानों ने लिया हिस्सा
बता दें कि इस कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ गुड गवर्नेंस के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कॉन्क्लेव में 130 से अधिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया है। इनमें 59 केंद्रीय संस्थान, 26 राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय, 11 शासकीय इंजीनियरिंग संस्थान, 19 शासकीय मेडिकल कॉलेज, 8 राज्य स्तरीय शोध संस्थान और 9 चयनित निजी विश्वविद्यालय शामिल हैं।












