डेयरी विकास विभाग ने अपने 50 साल पूरे कर लिए है। 50 साल पूरा करने के अवसर पर आज विभाग अपनी स्वर्ण जयंती मनाने जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 ज़िलों में डेयरी विकास विभाग और पशुपालन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से एक दिवसीय ज़िला-स्तरीय ‘डेयरी कॉन्क्लेव-2026’ आयोजित किया जा रहा है।
आधुनिक तकनीकों से किया जाएगा जागरूक
विभाग के इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि डेयरी विकास विभाग और पशुपालन विभाग की ओर से विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके। इस कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक पशुपालन प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है।
जन-प्रतिनिधि करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डेयरी कमिश्नर धनलक्ष्मी के. ने बताया कि कॉन्क्लेव का प्रसारण मुख्यालय से एक वेब लिंक के ज़रिए लाइव किया जाएगा। यह कार्यक्रम ज़िला स्तर पर आयोजित होगा। जो संबंधित मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। जन-प्रतिनिधियों की ओर से इसका उद्घाटन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, दुग्ध संघों के प्रतिनिधि, दूध उत्पादक किसान, पशुपालक, स्वयं-सहायता समूह, डेयरी समितियां और अन्य हितधारक भी हिस्सा लेंगे।
विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी
इस कार्यक्रम के दौरान, विशेषज्ञ तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी देंगे। कॉन्क्लेव में विभिन्न विषयों पर विशेष प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। जिनमें आधुनिक डेयरी प्रबंधन, औपचारिक डेयरी प्रसंस्करण, चारा प्रबंधन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण और टीकाकरण, साथ ही विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी शामिल है।
अपने अनुभव साझा करेंगे विशेषज्ञ
इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ अपने अनुभव भी साझा करेंगे। डेयरी विकास विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ, कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को चयन और मंज़ूरी पत्र बांटे जाएंगे।












