उत्तर प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। इस अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन किया जाएगा। जिसे जनभागीदारी, राष्ट्रप्रेम और महिला सशक्तिकरण के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशन में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
2 करोड़ तिरंगों का निर्माण
बता दें कि इस अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की जन भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से 2 करोड़ तिरंगों का निर्माण किया जाएगा। जिसे राष्ट्र की भावना, जन भागीदारी से जोड़ा जा रहा है।
जन आंदोलन बना ‘हर घर तिरंगा अभियान’
इसे लेकर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ शुरू हुआ था। जो आज जन आंदोलन बन चुका है। जन-जन के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना पैदा हुई है। यह अभियान देश की एकता, अखंडता और गौरवशाली राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।
महिलायें होंगी आर्थिक रूप से सशक्त
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिर्फ तिरंगे का निर्माण ही नहीं कर रही हैं, बल्कि अपने श्रम, कौशल और आत्मविश्वास के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को भी साकार कर रही हैं। इससे प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में भी काम कर रही है। इन महिलाओं को इससे आजीविका भी प्राप्त होगी और महिलायें आत्मनिर्भर होंगी।












