उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं योगी सरकार की नीतियों से राज्य के पर्यटन ने नए आयाम भी स्थापित किए है। इसी दिशा में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ‘द राइडिंग चैप्टर्स, विजिट माय स्टेट’ के प्रथम संस्करण का शुभारंभ किया। और 65 बाइक राइडर्स के दल को लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
प्राकृतिक स्थलों और धरोहरों को नई पहचान
दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के कम चर्चित विरासत, प्राकृतिक स्थलों और धरोहरों को नई पहचान दिलाना चाहती है। इन्हें पर्यटन अनुभव के रूप में देश-दुनिया के यात्रियों के सामने प्रस्तुत करना राज्य सरकार का लक्ष्य है। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नए आयाम स्थापित कर रहा है।
राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं
मंत्री ने कहा की उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 65 सदस्यीय बाइक राइडर्स के दल को कालिंजर किले की रोमांचक यात्रा के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लखनऊ से कालिंजर तक की यह यात्रा सुरक्षित, सुगम और यादगार बनेगी। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले सभी संबंधित जिलों का प्रशासन भी अपना पूरा योगदान देगा।
राज्य सरकार का लक्ष्य
मंत्री जयवीर सिंह ने ये भी कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्यटन विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है। इस अभियान के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, एडवेंचर टूरिज्म और अल्पज्ञात स्थलों की जानकारी मिलेगी।












