पश्चिम बंगाल के नए विधानसभा भवन के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। राज्य को जल्द ही नया विधानसभा भवन मिलने वाला है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस के सामने नए विधानसभा भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसकी के साथ घोषणा करते हुए कहा कि न्यू टाउन में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक विधानसभा भवन का निर्माण किया जाएगा।
सदस्यीय क्षमता बढ़ने पर नया भवन जरूरी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भविष्य में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने के बाद विधानसभा की सदस्यीय क्षमता बढ़कर 400 से ज्यादा हो सकती है। जो अभी वर्तमान में 294 है। ऐसे में मौजूदा विधानसभा भवन पर्याप्त नहीं रहेगा। सीएम ने अध्यक्ष से प्रस्तावित भूमि का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ निरीक्षण करने को कहा और निर्माण की प्रारंभिक योजना तैयार करने का आग्रह किया।
कोरोना महामारी में हुई थी समस्या
सीएम ने यह भी कहा कि वर्तमान विधानसभा भवन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बना रहेगा। वहीं सीएम ने कोरोना महामारी का भी जिक्र किया। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उस समय विधायकों को दर्शक दीर्घा तक में बैठाना पड़ा था क्योंकि शारीरिक दूरी बनाए रखने के निर्देश थे। इससे साफ जाहिर है की अगर भविष्य की जरूरतों को भी देखा जाए तो नए आधुनिक विधानसभा भवन की जरूरत है।
विधानसभा परिसर के आधुनिकीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा परिसर के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने विधायक आवास के विकास, विधानसभा में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली स्थापित करने, बेहतर कैंटीन की व्यवस्था और सदन की कार्यवाही के दौरान मंत्रियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।












