केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने स्नातकोत्तर के लिए नीट-पीजी 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। 30 अगस्त 2026 को यह परीक्षा होगी। यह परीक्षा सुचारू, सुरक्षित, पारदर्शी आयोजित हो सके इसके लिए यह समीक्षा की गई।
तकनीकी-आधारित उपायों की जानकारी
समीक्षा के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड, तकनीकी सहयोगी और परीक्षा आयोजित करने में शामिल अन्य हितधारकों की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्हें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं, उम्मीदवारों की सुविधाओं, सुरक्षा इंतज़ामों और नीट-पीजी-2026 के लिए शुरू किए गए तकनीकी-आधारित उपायों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि ईमानदारी और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए, एक निष्पक्ष, पारदर्शी और उम्मीदवारों के अनुकूल परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए।
परीक्षा के लिए पूरी जानकारी
बता दें कि नीट-पीजी-2026 परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 73 हजार 183 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। यह आंकड़ा जो पिछले साल की तुलना में 12.5% से ज़्यादा है। यह परीक्षा पूरे देश के लगभग 340 शहरों में आयोजित होगी। जो 1 हजार 300 से ज़्यादा परीक्षा केंद्रों पर एक ही शिफ्ट में होगी। जिससे देश के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा देना बहुत सुविधाजनक हो जाएगा।
जेपी नड्डा की उम्मीदवारों से अपील
वहीं केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे परीक्षा से जुड़े अफवाहों या धोखाधड़ी वाले दावों से प्रभावित न हों। जेपी नड्डा ने उम्मीदवारों को सलाह दी कि ने सिर्फ एनबीईएमएस और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अगर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनुचित तरीकों की जानकारी हो तो तुरंत रिपोर्ट करें।












