महाराष्ट्र सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना का लाभ हजारों किसानों को मिल रहा है। इस योजना के तहत पुणे जिले के 38 हजार 970 पात्र किसानों को कर्जमाफी का बड़ा लाभ मिला है। मुंबई स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके पात्र किसानों की कर्जमाफी की राशि ऑनलाइन माध्यम से संबंधित बैंकों खातों में हस्तांतरित की।
38,970 किसानों को मिला लाभ
बता दें कि पुणे जिले के इन 38,970 किसानों पर कुल 345 करोड़ 25 लाख 5 हजार 594 रुपए की बकाया राशि थी। यह राशि सीधे संबंधित बैंकों को हस्तांतरित की गई। जिससे पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिला है। कर्जमाफी का लाभ पाने वाले किसानों को तत्काल खरीफ फसल ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश बैंकों को दिए गए हैं। इससे कर्जमाफी के बाद किसान नए सिरे से फसल ऋण ले सकेंगे और खरीफ सीजन के लिए उन्हें जरूरी आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें किसान
इसके साथ ही पहली सूची में शामिल पात्र किसानों में जिनका आधार प्रमाणीकरण अभी तक पूरा नहीं हुआ है, उनसे प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है। प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्रता के अनुसार उनके ऋण खातों में भी कर्जमाफी की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
खरीफ फसल ऋण का रास्ता साफ
राज्य में इस योजना के तहत आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके करीब 6 लाख 22 हजार पात्र किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिल है। पात्र किसानों के ऋण खातों में 5 हजार 28 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। बता दें कि अब कर्जमाफी के बाद किसानों के लिए खरीफ फसल ऋण का रास्ता साफ हो गया है।












