दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर में आयोजित आध्यात्मिक एवं विरासत पर्यटन सम्मेलन 2026 में शिरकत की। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने चार नए टूरिज्म सर्किट का उद्घाटन किया। बता दें कि दिल्ली सरकार की ओर से शुरू किए गए चार नए टूरिज्म सर्किट से प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थानों और ऐसे सांस्कृतिक स्थलों को आपस में जोड़ा जाएगा जिसकी जानकारी नागरिकों को नहीं है।
पर्यटन से जुड़े कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इन सर्किट की मदद से पर्यटक एक ही यात्रा के दौरान दिल्ली की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कई महत्वपूर्ण स्थानों को देख सकेंगे। दिल्ली सरकार को उम्मीद है कि इससे दिल्ली में पर्यटकों की तदाद बढ़ेगी। इसके साथ ही पर्यटन से जुड़े दूसरे कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
नए सर्किट का प्रचार
बता दें कि दिल्ली सरकार नए पर्यटन सर्किट को लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लेगी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स को सर्किट की यात्रा कराई जाएगी। इससे दिल्ली के इन नए पर्यटन मार्गों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और युवाओं को इन स्थलों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय कारोबार और रोजगार को फायदा
दिल्ली सरकार का मानना है कि पर्यटन बढ़ने से इसका फायदा सिर्फ बड़े पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा। इनसे स्थानीय गाइड, टैक्सी और परिवहन संचालक, दुकानदार, होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। दिल्ली सरकार की ओर से पहले भी हेरिटेज और कल्चरल सर्किट शुरू किए गए हैं।












