मुख्यमंत्री धामी का अधिकारियों संग मंथन, जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में आला-अधिकारी भी मौजूद रहे। जिसमें विभिन विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, योजनाओं के संचालन और रख-रखाव के साथ आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच, जल गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के नियमित संचालन की भी समीक्षा बैठक में की गई।

अधिकारियों को जरूरी निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल नल कनेक्शन की संख्या से नहीं, बल्कि प्रत्येक घर तक नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी।

योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन और लंबित पेयजल योजनाओं को मिशन मोड में निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर इसका जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सीएम धामी ने कहा कि प्रत्येक योजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

15,540 योजनाएं पूरी हुई
इसके अलावा बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 14.48 लाख में से 14.20 लाख परिवारों को कनेक्शन दिये जा चुके है। बैठक में जानकारी दी गई कि 14 हजार 979 गांवों में से 9 हजार 796 गांव में हर नल से जल का सत्यापन हो चुका है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़