केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी आज पंजाब और हरियाणा दौरे पर रहेंगे। दोनों केन्द्रीय मंत्री चंडीगढ़ स्थित टैगोर थिएटर में पहुंचेंगे। जहां प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी आधारित DBT व्यवस्था की शुरुआत करेंगे। जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज और अन्य लाभों का भुगतान और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचेगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे।
किसानों से करेंगे सीधा संवाद
चंडीगढ़ के कार्यक्रम के बाद दोनों केन्द्रीय मंत्री दोपहर 2 बजे अजीजपुर गांव में किसानों से सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का उद्देश्य जमीन पर काम कर रहे किसानों से सीधे फीडबैक लेकर नीतियों को और व्यावहारिक बनाना है। इस दिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान हर राज्य में दौरे के दौरान किसानों से सीधा संवाद करते हैं।
कैथल दौरे पर पहुंचेंगे केन्द्रीय मंत्री
वहीं शाम को दोनों केंद्रीय मंत्री हरियाणा के कैथल जिले में पहुंचेंगे। इस दौरान धांड स्थित भारतीय खाद्य निगम के साइलो का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान खाद्यान्न भंडारण क्षमता, गुणवत्ता प्रबंधन, आधुनिक साइलो प्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही राज्यों में सप्लाई चेन की स्थिति की भी दोनों मंत्री समीक्षा करेंगे। इसका मकसद PDS के तहत अनाज वितरण और अधिक सुव्यवस्थित बनाया है।












