दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स चलाने वालों के लिए बड़ी राहत का फैसला लिया है। यह राहत भर फैसला लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया को आसान करने के लिए लिया गया है। जिसके तहत अब थिएटर के लिए अलग-अलग विभागों से बार-बार NOC लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ना ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे। इस दिशा में दिल्ली सरकार ने सिनेमा हॉल के लिए NOC जारी करने की नई डिजिटल व्यवस्था का ऐलान किया।
नई SOP लागू की गई
बता दें कि दिल्ली सरकार कि उस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब पूरी प्रक्रिया एक ही ऑनलाइन सिस्टम के जरिए पूरी की जाएगी। इसको लेकर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ने इसके लिए नई SOP लागू की है, जिसके तहत e-District पोर्टल पर एक ही आवेदन करना होगा। जिसके बाद संबंधित विभाग मिलकर निरीक्षण करेंगे और एक साझा रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया जाएगा। दिल्ली सरकार का मकसद है कि इससे प्रक्रिया ज्यादा तेज, आसान और पारदर्शी होगी।
सिंगल विंडो सिस्टम
दिल्ली सरकार ने नई व्यवस्था के तहत दिल्ली के सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स के लिए NOC लेने की पुरानी प्रक्रिया को बदल दिया है। अब सिंगल विंडो और पूरी तरह ऑनलाइन लाइसेंसिंग सिस्टम के जरिए आवेदन किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में बताया कि नई SOP के तहत e-District पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे आवेदन जमा करने के लिए अब अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।












