सीएम मोहन यादव की बड़ी सौगात, संबल योजना के तहत जारी की 11वीं किश्त

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के तहत सौगात दी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के तहत सौगात दी। सीएम मोहन यादव ने योजना के तहत दी जाने वाली अनुग्रह सहायता राशि की 11वीं किश्त जारी की है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने 203 करोड़ रुपये की सहायता राशि पात्र हितग्राहियों के खातों में अंतरित की।

श्रमिकों को आर्थिक सहारा
सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से प्रदेश के श्रमिकों को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज प्रदेश के 9 हज़ार 149 संबल हितग्राहियों को यह राशि मिली है जो उन सभी परिवारों में आनंद लेकर आई है। संबल योजना ने प्रदेश के 1 करोड़ 84 लाख से अधिक श्रमिकों को सहारा दिया है। इस योजना से कठिन समय में श्रमिकों को आर्थिक सहायता मिली है।

श्रमिकों को सहारा देना सरकार की प्राथमिकता
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में प्रदेश के श्रमिकों के साथ खड़ी है। कठिन समय में जब सभी रास्ते बंद होंगे, तब भी सरकार उनके साथ खड़ी है। योजना के तहत श्रमिकों को मिली राशि दुख की घड़ी में बड़ी राहत लेकर आती है। उन्होंने कहा कि हर परस्थिति में श्रमिकों को सहारा देना सरकार की प्राथमिकता है। श्रमिक परिवारों पर विपत्ति आने, घर चलाने वाले के असामयिक निधन, अचानक आर्थिक संकट आने पर लोग साथ छोड़ दें, परंतु हमारी सरकार कभी आपका साथ नहीं छोड़ेगी।

गर्भवती श्रमिक बहनों को सहायता
वही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब संबल योजना की लाभार्थी श्रमिक बहनों को गर्भावस्था में आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ती है। योजना के तहत मां-बच्चे को बेहतर पोषण मिल रहा है। योजना के तहत राज्य सरकार पात्र गर्भवती श्रमिक बहनों को 16 हजार रुपये की सहायता राशि दे रही है। साथ ही सीएम ने कहा कि अगर कोई श्रमिक अस्थायी रूप से दिव्यांग हो जाए और उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो जाए, इसीलिए उसे अस्थायी दिव्यांगता हो जाने पर 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद और स्थायी दिव्यांगता होने पर 2 लाख रुपये की सहायता संबल योजना के तहत दी जा रही है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़