भारतीय मछुआरों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जिससे उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विभाग की रहेगी।भारतीय नौकाओं की सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए विभाग 364 करोड़ रुपये की बड़ी योजना लेकर आया है। इस प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत देश के एक लाख जहाजों में इसरो के ट्रांसपोंडर लगाए जाएंगे।
योजना का क्या लाभ?
इस योजना के लिए केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग ने 364 करोड़ रुपये के नेशनल रोल-आउट प्लान को मंजूरी दे दी है। बता दें कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य खराब मौसम में मछुआरों की सटीक लोकेशन ट्रैक करना है। इसके साथ ही उन्हें पड़ोसी देशों की सीमा में जाने से रोकना है।
‘नभमित्र’ एप्लीकेशन से मिलेगी सुविधाएं
विभाग के इस प्रोजेक्ट के तहत मछुआरों को मुफ्त ट्रांसपोंडर और क्षेत्रीय भाषाओं में ‘नभमित्र’ एप्लीकेशन की भी सुविधा मिलेगी। यह ऐप आपातकालीन स्थिति में पहले ही अलर्ट जारी कर देगा। एसओएस अलर्ट, चक्रवात की चेतावनी और जियो-फेंसिंग आधारित बाउंड्री क्रॉसिंग अलर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं यह ऐप प्रदान करेगा।












