प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। राज्य में विजयनगरम् जिले के भोगापुरम में पीएम नरेंद्र मोदी ने 17 हजार 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित किया और स्वर्ण आंध्र के विजन को सबके सामने रखा।
राज्य के विकास का प्रतीक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि हवाई अड्डा अवसंरचना, सड़क संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी ये पहलें राज्य के विकास का प्रतीक हैं। “ये विकास कार्य उस अद्भुत गति के सच्चे प्रतीक हैं, जिसके साथ आंध्र प्रदेश आगे बढ़ रहा है।”
पीएम मोदी ने की सराहना
पीएम मोदी ने जनजातीय महिलाओं, बेटियों की ओर से दी गई प्रस्तुतियों की भी जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा की उनके अद्भुत उत्साह और अनुशासन को देखकर बहुत प्रसन्नता हुई। पीएम मोदी ने कहा, “यहां प्रदर्शित हमारी जनजातीय संस्कृति का गौरव वास्तव में अत्यंत भव्य और अविस्मरणीय दृश्य था।”
नए हवाई अड्डा से क्षेत्रीय विकास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इसी पावन भूमि पर यह नया हवाई अड्डा क्षेत्रीय विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। “यह हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश और उत्तर आंध्र के विकास का रनवे है। यह आंध्र प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए एक लॉन्चपैड है।”
हवाई अड्डे के नए नाम की घोषणा
पीएम मोदी ने नए हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्मरणीय श्रद्धांजलि इस हवाई अड्डे से होकर गुजरने वाले प्रत्येक यात्री में राष्ट्रसेवा की गहरी भावना का संचार करेगा। पीएम मोदी ने कहा, “इस हवाई अड्डे से यात्रा करने वाला प्रत्येक नागरिक श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम से जनसेवा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्राप्त करेगा।”












