संसद का मानसून सत्र चल रहा है। इस दौरान संसद के दोनों सदनों में एंटी पेपर लीक बिल पास कर दिया गया है। इस‘पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल, 2026’ को लागू करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था जिसके पास होने से पीएम मोदी का यह वादा पूरा हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
इस बिल के पास होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे एक भरोसेमंद और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी किया जिसमें उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं है। ऐसा करने वाले पेपर माफियाओं और गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का पूरा इस्तेमाल किया जा रहा है।
नए कानून के बारे में जानिए
बात करें ‘पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल, 2026’की तो यह नया कानून परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों और पेपर लीक को रोकने के लिए है। जिसके तहत दोषियों को कड़े दंड, समयबद्ध जांच और विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का प्रावधान किया गया है। इस बिल को संसद की मंजूरी मिल चुकी है इसके बाद अब इस महत्वपूर्ण विधेयक को अंतिम स्वीकृति के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा।












