उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए दायित्वधारियों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों और प्राधिकरणों में नियुक्त दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में दायित्वधारी अहम भूमिका निभाते है। वहीं जन समस्याओं और सुझावों को भी सरकार तक पहुंचाने का काम भी दायित्वधारी कर रहे है।
जनता के साथ संवाद स्थापित करें दायित्वधारी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी दायित्वधारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ लगातार संवाद स्थापित करें। इसके साथ ही राज्य में हो रहे विकास कार्यों की भी निगरानी करें। लोगों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखें ताकि जल्द-से-जल्द उनका निपटारा किया जा सके।
अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दायित्वधारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।












