उत्तराखंड में सावन महीने की पावन कांवड़ यात्रा पर भोले बाबा के भक्त निकल चुके है। देशभर से लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे हैं और गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस बीच देश भर से आए श्रद्धालु उत्तराखंड की धामी सरकार की जमकर सराहना कर रहे है। इसके साथ ही हरिद्वार जिला प्रशासन की भी श्रद्धालुओं ने तारीफ की। उनका कहना है कि यात्रा को लेकर राज्य सरकार और हरिद्वार प्रशासन ने सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए किए बेहतरीन इंतजाम किए हैं।
शिवभक्तों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आए शिवभक्त ने सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार उत्तराखंड सरकार ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए गए कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि सरकार लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रख रही है।
हर सुविधा का रखा ध्यान
वहीं दिल्ली से पहुंचे अभिषेक गुर्जर ने बताया कि धामी सरकार ने हर सुविधा का ध्यान रखा है। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिवभक्तों के लिए प्रशासन ने बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
यात्रा के दौरान कोई बाधा नहीं
वहीं दिल्ली से आए शिवभक्त राहुल ने हरिद्वार जिला प्रशासन की जमकर सराहना की । उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की आवाजाही के लिए अलग सर्विस रोड को सुरक्षित रखा गया है, जिससे यात्रा सुगम और व्यवस्थित बनी हुई है। श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी बाधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। बिना किसी समस्या के अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों ने राज्य सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की है। शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।












