मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अशोकनगर में आयोजित ‘किसान कल्याण वर्ष-2026’ के तहत‘बलराम कृषि महोत्सव’ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने किसानों से संवाद किया। इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी
सीएम मोहन यादव ने किसानों से संवाद करते हुए कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “किसानों के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को ज्यादा प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है”। सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “हमारी सरकार किसानों को खेती के लिए बिजली, पानी और सड़कों जैसी ज़रूरी सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। साथ ही, हमारे अन्नदाताओं को बागवानी, पशुपालन और मुर्गी पालन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं”।
किसानों के लिए निरंतर सरकारी प्रयास
मुख्यमंत्री ने इस दौरान किसानों की आय में बढ़ोतरी के लिए किए सरकारी प्रयासों की जानकारी दी। सीएम मोहन यादव ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सीएम ने कहा कि “नई तकनीक और बेहतर कृषि पद्धतियों के उपयोग से किसानों को बहुत लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में इन आधुनिक तकनीकों की मदद ली ज रही है। सीएम ने आगे कहा, कृषि में तकनीकी बदलावों को अपनाने से खेती को बदलती जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा सकता है। साथ ही किसानों को नए अवसरों से जोड़ने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।












