मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खजुराहो में अहम बैठक की। इस बैठक में सीएम मोहन यादव ने ‘केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना’ के संबंध में जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा की। बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों के हर घर तक पहुंचकर परिवारों की वास्तविक स्थिति और समस्याओं को समझा जाए।
अधिकारियों को जरूरी निर्देश
इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, आदिवासी परिवारों की कठिनाइयों को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करें। यह सुनिश्चित करें कि विस्थापित परिवारों को पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर पर ही मिले।
सुविधाओं के लिए ठोस कार्य-योजना तैयार
इसके अलावा सीएम मोहन यादव ने कहा कि, जिन परिवारों ने नई जगहों पर पहले ही घर बना लिए हैं, उनके लिए स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवनों जैसी ज़रूरी बुनियादी सुविधाओं के लिए एक ठोस कार्य-योजना तैयार करें। सीएम ने अधिकारियों को कहा कि जरूरी सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाए। इसके लिए एक कार्य योजना तैयार की जाए ताकि कोई भी सरकारी सुविधाओं से वंचित ना रहे।












