पेपर लीक के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने दिल्ली में संसद सत्र के दौरान जमकर हंगामा किया। सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को जमकर घेरा। जिसे लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला है। मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके दिल्ली में सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर सवाल उठाए और सपा पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया।
सपा के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने पोस्ट की शुरुआत शिक्षा, सपा और ‘सैफई सिंडिकेट’ शीर्षक से की। मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोल और अपनी पोस्ट में लिखा कि आज वही लोग शिक्षा और छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जिन्होंने अपने शासनकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया।
‘चोर मचाए शोर’ कहावत से जोड़ा प्रदर्शन
मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि नई दिल्ली में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिस तरह हंगामा किया है, उसे देखकर उन्हें ‘चोर मचाए शोर’ वाली कहावत याद आ गई। साथ ही कैबिनेट मंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें यह सोचकर हैरानी होती है कि यह प्रदर्शन करने वाले वही लोग हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश की कई पीढ़ियों का भविष्य खराब किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान शिक्षा व्यवस्था बहुत बदहाल थी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।
वार-पलटवार का सिलसिला
नीट पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली में हुए प्रदर्शन ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष में वार-पलटवार का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे समय में मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी को उनके शासनकाल को लेकर जमकर घेरा।












