उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ दिनों से लगातार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपने निशाने पर ले रहे है। इसी बीच एक बार फिर मंत्री ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की जिसमें अखिलेश यादव पर जमकर तीखे प्रहार किए। मंत्री ने अखिलेश यादव को सलाह दे डाली कि इस बार उन्हें किसी और से नहीं अपनों से ही बचना होगा। निशाना साधते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की लड़ाई सिर्फ NDA से नहीं है, बल्कि इस बार उन्हें ‘अपनों’ से भी लड़ना पड़ेगा।
मंत्री का बड़ा दावा क्या?
ओम प्रकाश राजभर ने दावा करते हुए कहा कि PDA अब अखिलेश यादव के हाथ से सरक चुका है और स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि सपा को अपना MY यानी मुस्लिम-यादव गठजोड़ बचाने की चिंता करनी पड़ रही है।
अखिलेश यादव को बताई जमीनी स्थिति
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कहा कि वो हमेशा जमीन पर लोगों के बीच रहते हैं और उसी आधार पर अखिलेश यादव को जमीनी स्थिति बता रहे हैं। मंत्री के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के सामने अब सिर्फ NDA ही चुनौती नहीं है, बल्कि उसके अपने ही राजनीतिक समीकरण उसके लिए चुनौती बनते जा रहे हैं।
राहुल गांधी को लेकर अखिलेश पर निशाना
इसके साथ ही मंत्री ओपी राजभर ने राहुल गांधी को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को अखिलेश का बिग बॉस बताया। मंत्री ने कहा कि उनका ‘पंजा’ अब अखिलेश के ‘M’ यानी मुस्लिम वोट पर झपट्टा मारना शुरू कर चुका है। तंज कसते हुए उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी का भी जिक्र किया और कहा कि राहुल गांधी तो अखिलेश के ‘अपने’ हैं, लेकिन दूसरे भी उनके ‘अपने’ बनने की कोशिश कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार
ओपी राजभर ने यह भी दावा किया कि गांव-गांव में समाजवादी पार्टी की प्रसिद्धि ‘गुंडे और माफिया वाली पार्टी’ के रूप में है। आरोप लगते हुए मंत्री ने कहा कि सपा जब सत्ता में आती है तो जंगलराज का पूरा पैकेज लेकर आती है। उन्होंने गैर-यादव पिछड़ों और बहुजनों पर खुलेआम अत्याचार किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा से जुड़े गुंडे बेटियों को सरेआम छेड़ते हैं और सत्ता में रहते हुए थानों और तहसीलों को सपा के दफ्तरों में बदल दिया जाता है।
मुस्लिम वोट बैंक का जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर मुस्लिम वोट बैंक को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनके ‘स्वजातीय गुंडों’ की इसी उजड्डई से परेशान होकर अब मुसलमान भी समाजवादी पार्टी से छटकने लगा है। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है चाहे राज्य के गाँव-गाँव में जाकर देखो अब समाजवादी पार्टी को कोई पूछने वाला नहीं है। मंत्री ने कहा कि अगर 2027 के चुनाव की बात की जाए तो चुनाव जितना तो दूर समाजवादी पार्टी मुख्य विपक्षी दल बनने के लायक भी नहीं बच पाएगा।
अखिलेश यादव को मंत्री की सलाह
अपने लंबे पोस्ट में मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव पर एक के बाद एक कई तीखे वार किए। और अपने पोस्ट के आखिर में मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे सलाह दी कि वह जमीन पर आएं, थोड़ी मेहनत करें और अपने ‘अपनों’ से सावधान रहें।












