उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सरकारी आवास पर ग्रामीण विकास और पलायन रोकथाम आयोग की बैठक की। इस बैठक के दौरान पहाड़ी इलाकों से पलायन की स्थिति, रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने, स्वरोज़गार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाज़ार उपलब्ध कराने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रवासी पंचायतों, पलायन रोकने के उपायों और स्वरोज़गार के प्रति जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएम धामी नेअधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे मिले सुझावों के आधार पर एक असरदार कार्ययोजना तैयार करें। साथ ही सीएम धामी ने कहा कि, “यह सुनिश्चित करें कि सभी विभाग आपस में तालमेल बिठाकर काम करें और विभागीय योजनाओं का लाभ ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचे”।
आसान भाषा में दें सरकारी योजनाओं की जानकारी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे ग्रामीण इलाकों में गाँव-गाँव तक स्वरोज़गार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। अधिकारियों को गाँव-गाँव तक आसान भाषा में योजनाओं की जानकारी पहुँचाने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।












